रांची : राजधानी रांची के नामकुम इलाके में आज यानी बुधवार को एक छात्र का शव संदिग्ध हालत में मिला है। मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के पेटो गांव के रहने वाले मनीष कुमार के रूप में हुई है। मनीष राजाउलातू स्थित झारखंड राय यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह यूनिवर्सिटी के पास ही एक किराए के मकान में रहता था। फिलहाल छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है।
Read More : रांची के 176 दुर्गा पूजा पंडालों में समतलीकरण, 242 ट्रैक्टर JCB का इस्तेमाल
सुबह देर तक नहीं खुला कमरे का दरवाजा
नामकुम थाना प्रभारी राम नारायण सिंह के अनुसार, मनीष पहले एक अन्य छात्र के साथ कमरे में रहता था। हालांकि, कुछ दिन पहले उसका रूममेट वहां से चला गया था। इसके बाद मनीष कमरे में अकेले रह रहा था। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। अंदर से किसी तरह की गतिविधि नहीं दिखने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। कमरे के अंदर जाकर देखने पर मनीष का शव मिला। इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेजा गया शव
सूचना मिलने के बाद नामकुम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल छात्र की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मनीष की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसके लिए उसके दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, पुलिस उसके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही छात्र की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।




