रांची : झारखंड में कांग्रेस 10 अक्टूबर को सब जिला में काला दिवस मनाएगी। इस दिन जिला मुख्यालयों पर धरना दिया जाएगा और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के साथ चुनावी व्यवस्था को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए पार्टी लड़ाई लड़ रही है। इसी कड़ी में झारखंड के सभी जिला में काला दिवस मनाकर विरोध जताया जाएगा।
Read More : फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार को मिलेगा इजरायल का बड़ा सम्मान
जिला मुख्यालयों पर जुटेंगे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटियों के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, प्रखंड और मंडल अध्यक्ष शामिल होंगे। इसके अलावा पार्टी के अग्रणी संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।
सभी जिलाध्यक्षों को दिया गया निर्देश
प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी जिलाध्यक्षों को अपने-अपने जिला मुख्यालयों में काला दिवस कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। पार्टी ने कहा है कि कार्यक्रम को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ आयोजित किया जाए। इसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का उठाएंगे मुद्दा
कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र, संविधान और देश की चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता व अखंडता की रक्षा करना हर लोकतांत्रिक नागरिक की जिम्मेदारी है। पार्टी के मुताबिक, काला दिवस के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने और संविधान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला इकाइयों को कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। 10 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में इसी निर्देश के तहत धरना और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।




