रांची : रांची के मेन रोड यानी एमजी रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर की गरिमा, सुरक्षित आवाजाही और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक रखने के लिए नगर निगम की टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मंदिर परिसर में चल रही 12 दुकानों का संचालन बंद कराया गया। इसके अलावा आसपास के इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
Read More : दुर्गा पूजा समितियों से मिले हेमंत सोरेन, पंडालों में नशामुक्ति संदेश का सुझाव
पहले ही 48 घंटे में दुकानें बंद करने का दिया था निर्देश
दरअसल, इससे पहले अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हनुमान मंदिर समिति के सदस्यों और समाजसेवियों के साथ बैठक हुई थी। बैठक में मंदिर परिसर की व्यवस्था और लोगों से मिले सुझावों पर चर्चा की गई थी। बैठक के बाद मंदिर परिसर में पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों के अलावा चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को 48 घंटे के अंदर खुद बंद करने का निर्देश दिया गया था। समय पूरा होने के बाद नगर निगम की टीम ने जब निरीक्षण किया तो पता चला कि निर्देश का पालन नहीं हुआ है। दुकानें पहले की तरह चल रही थीं। इसके बाद आज नगर निगम की टीम मंदिर परिसर पहुंची और एनाउंसमेंट कराया। फिर नियम के मुताबिक कार्रवाई करते हुए कुल 12 दुकानों का संचालन बंद कराया गया।
मंदिर के आसपास भी हटाया गया अतिक्रमण
नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने मंदिर परिसर के अलावा आसपास के इलाकों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने डेली मार्केट, एसएन गांगुली मार्ग, विष्णु गली और आसपास की जुड़ी सड़कों पर कार्रवाई की। इस दौरान रास्ते में आने वाले अनावश्यक अवरोधों को हटाया गया, ताकि लोगों का आना-जाना आसान हो सके। अभियान के दौरान 5 ठेले और 2 गुमटी जब्त की गईं।
मंदिर के सामने गाड़ी खड़ी करने पर रोक
मंदिर के सामने गाड़ियां बेतरतीब तरीके से खड़ी होने के कारण ट्रैफिक प्रभावित हो रहा था। इसे देखते हुए नगर निगम ने मंदिर के सामने वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया है। श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए बाजार शाखा ने डेली मार्केट के पास बने टैक्सी स्टैंड में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए सीमांकन भी किया है।
धार्मिक गतिविधियों पर रोक नहीं, व्यवस्था सुधारना मकसद
नगर निगम ने साफ किया है कि इस कार्रवाई का मकसद किसी की धार्मिक गतिविधियों को रोकना नहीं है। कार्रवाई इसलिए की गई है ताकि मंदिर की गरिमा बनी रहे, श्रद्धालुओं को सुविधा मिले, लोगों की सुरक्षा रहे और रास्तों पर अतिक्रमण न हो। नगर निगम के मुताबिक मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियां व्यवस्थित तरीके से चलें और सार्वजनिक रास्ते सभी लोगों के आने-जाने के लिए खुले रहें, इसके लिए आगे भी जरूरी कार्रवाई जारी रहेगी।




