सरायकेला : चांडिल गोलचक्कर के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र गम्हरिया से चांडिल पॉलीटेक्निक कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान गोलचक्कर के पास तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने दोनों छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं घायल छात्र की पहचान समीर दास के रूप में बताई जा रही है। दोनों छात्रों के गम्हरिया निवासी होने की बात सामने आई है।
Read More : आजसू ने रामलखन सिंह यादव कॉलेज से शुरू किया सदस्यता अभियान
पुलिस ने ट्रेलर जब्त किया
हादसे की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसा किस तरह हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
सड़क की हालत को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद एक बार फिर चांडिल इलाके में सड़क सुरक्षा और सड़क की खराब स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चांडिल गोलचक्कर और आसपास की सड़कों की हालत खराब है। इसके बावजूद NHAI की ओर से सड़क की स्थिति सुधारने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की खराब सतह और यातायात व्यवस्था की परेशानी के बीच लगातार इस तरह के हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं।





