लातेहार : जल जीवन मिशन (JJM) के तहत संचालित जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा के लिए सोमवार को बेतला नेशनल पार्क सभागार में बैठक हुई। पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों की योजनाओं की जिलावार और योजनावार समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित जिलों के अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, पूर्ण और अपूर्ण योजनाओं, निर्माण कार्य की प्रगति तथा पेयजलापूर्ति की स्थिति की जानकारी मंत्री के समक्ष रखी।
Read More : CM हेमंत सोरेन तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम में हुए शामिल
योजनाओं की गुणवत्ता से समझौता नहीं
समीक्षा के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने जलापूर्ति योजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को घर तक नल के माध्यम से सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। मंत्री ने अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा कराने और ग्रामीणों को जल्द पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
लापरवाह संवेदकों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में कई योजनाओं में संवेदकों की ओर से लापरवाही, अपेक्षित प्रगति नहीं होने और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं किए जाने के मामले सामने आए। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर लापरवाही बरतने वाले संवेदकों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। जिन मामलों में अनियमितता या लापरवाही की जांच जरूरी है, वहां जांच कर रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कार्यपालक अभियंता और संवेदक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
योजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर
मंत्री ने योजनाओं की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने और अनावश्यक विलंब की स्थिति में कार्रवाई करने को कहा। पूर्ण हो चुकी योजनाओं से ग्रामीणों को वास्तव में पेयजल का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसका नियमित अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया गया। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा कराकर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सचिव ने भी अधिकारियों को दिए निर्देश
विभागीय सचिव अबु इमरान ने अधिकारियों को ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का जल्द समाधान करने और सभी पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में योजनाओं के संचालन और रख-रखाव, जलस्रोतों की उपलब्धता, पाइपलाइन और अन्य आधारभूत संरचनाओं की स्थिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजलापूर्ति समेत जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में विभागीय सचिव अबु इमरान, जल जीवन मिशन निदेशक शशि रंजन, लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद सहित सिमडेगा, लोहरदगा, गढ़वा और पलामू के उप विकास आयुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता, तकनीकी पदाधिकारी, संवेदक और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।





