नई दिल्ली : विमानन कंपनी IndiGo ने विमान ईंधन यानी ATF के बढ़ते दाम को देखते हुए घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों का फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है। नई दरें कल यानी 6 अक्टूबर से लागू होंगी। यानी अब इंडिगो से हवाई सफर करने वालों की जेब पर थोड़ा और बोझ पड़ेगा। इंडिगो के अनुसार घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से फ्यूल सरचार्ज 100 से 350 रुपये तक बढ़ाया गया है। वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया गया है।
Read More : WHO रिपोर्ट में खुलासा, लंबी उम्र के मामले में पाकिस्तान से आगे है भारत, जानिए आंकड़े
घरेलू उड़ानों के लिए क्या होंगे नए सरचार्ज?
IndiGo ने बताया कि 500 किलोमीटर तक की दूरी वाली उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज 375 रुपये होगा। 501 से 1,000 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों पर यह 600 रुपये रहेगा। 1,001 से 1,500 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज 900 रुपये और 1,501 से 2,000 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों के लिए 1,150 रुपये होगा। वहीं, 2,000 किलोमीटर से अधिक दूरी वाली उड़ानों पर यात्रियों को 1,300 रुपये फ्यूल सरचार्ज देना होगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी बढ़ा सरचार्ज
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी IndiGo ने फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी की है। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (SAARC) क्षेत्र की उड़ानों के लिए यह 1,000 रुपये से लेकर 3,000 रुपये तक होगा। अफ्रीका के लिए उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज 6,000 रुपये और यूरोप की उड़ानों पर 10,000 रुपये होगा। दक्षिण-पूर्व एशिया, खाड़ी सहयोग परिषद (GCC), पश्चिम एशिया तथा उत्तर एवं पूर्वी एशिया के लिए यह सरचार्ज 5,500 रुपये होगा। यह अप्रैल के बाद दूसरी बार है, जब इंडिगो ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। एयरलाइन ने इस साल मार्च से फ्यूल सरचार्ज लगाना शुरू किया था।
ATF की बढ़ती कीमतों का दिया हवाला
IndiGo ने कहा कि हाल के महीनों में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा है। खासकर पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के बाद ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। एयरलाइन के अनुसार, हाल में मासिक आधार पर ईंधन की कीमतों में 14 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। इससे ATF की लागत 10 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। इंडिगो ने कहा कि विमान ईंधन एयरलाइन कंपनियों की ऑपरेटिंग कॉस्ट का एक बड़ा हिस्सा है। ऐसे में ATF की कीमत बढ़ने से IndiGo समेत सभी एयरलाइंस के कॉस्ट स्ट्रक्चर और नेटवर्क इकोनॉमिक्स प्रभावित होने की आशंका है।
ग्राहकों पर असर कम रखने की कोशिश
एयरलाइन ने कहा कि ईंधन लागत में हुई बढ़ोतरी की पूरी भरपाई के लिए फ्यूल सरचार्ज में काफी अधिक वृद्धि करनी पड़ती। हालांकि, ग्राहकों पर असर कम करने के लिए सरचार्ज में सीमित और अपेक्षाकृत मामूली बढ़ोतरी की गई है। IndiGo ने कहा कि यह फैसला ऑपरेटिंग कॉस्ट में लगातार बढ़ोतरी और बाजार के बदलते माहौल को देखते हुए लिया गया है। कंपनी स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और जरूरत के अनुसार उचित बदलाव करती रहेगी।





