रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय में DGP तदाशा मिश्रा ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एश्योर्ड कैरियर प्रोग्रेसन (ACP), मोडिफायड एश्योर्ड कैरियर प्रोग्रेसन (MACP) और मालखाना से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। DGP ने सिपाही से हवलदार, सिपाही-हवलदार से सहायक अवर निरीक्षक और सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर प्रोन्नति से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने को कहा।
Read More : सिमडेगा में एंबुलेंस से गांजा तस्करी, 83 पैकेट बरामद
ACP-MACP के लंबित मामलों का जल्द हो निष्पादन
DGP ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर सभी पुलिसकर्मियों, ट्रेड चालक, आर्मोरर और हवलदार संवर्ग के ACP और MACP से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें। उन्होंने सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना जल्द पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा। अगले एक वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले और सेवानिवृत्त हो चुके पुलिसकर्मियों से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का भी निर्देश दिया।
रिक्त पदों का 50 प्रतिशत रोस्टर क्लियरेंस
DGP तदाशा मिश्रा ने सभी एसपी को अपने-अपने जिलों में पुलिस सभा आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिसकर्मियों के रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पदों का रोस्टर क्लियरेंस कराया जाए। विभिन्न संवर्ग में रिक्तियों की स्थिति 15 दिनों के भीतर पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया। DGP ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी, तकनीक सक्षम और प्रभावी बनाने का आदेश दिया।
मालखाना और दस्तावेजों के रख-रखाव पर जोर
DGP तदाशा मिश्रा ने अधिकारियों को मालखाना व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मालखाना से संबंधित दस्तावेजों के रख-रखाव और कांडों के प्रभार से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिलों में ऐसे सभी थानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जहां पूर्व में पदस्थापित और स्थानांतरित हो चुके पुलिस पदाधिकारियों के पास कांडों और मालखाना का प्रभार लंबित है। वर्तमान थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित कांडों और मालखाना का प्रभार विधिवत ग्रहण कराने का भी निर्देश दिया गया।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस मुख्यालय में DGP तदाशा मिश्रा के साथ एडीजी मुख्यालय मनोज कौशिक, आईजी मानवाधिकार पंकज कंबोज, आईजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल और डीआईजी झारखंड जगुआर इंद्रजीत महथा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी रेंज डीआईजी, सभी एसएसपी और एसपी बैठक में शामिल हुए।





