रांची : रांची नगर निगम में राजस्व संग्रहण की प्रगति और राजस्व शाखा के तहत कार्यरत राजस्व निरीक्षकों के व्यक्तिगत कार्य निष्पादन की समीक्षा के लिए मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर संग्रहण और निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि की विस्तृत समीक्षा की गई। पूर्व में कार्यरत एजेंसी के कार्य से हटने के बाद निगम स्तर पर किए जा रहे कर संग्रहण, राजस्व निरीक्षकवार दैनिक कर संग्रहण और लक्ष्य के मुकाबले उपलब्धि की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निगम के राजस्व संग्रहण की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया गया।
Read More : रांची वेंडर मार्केट में सुविधाएं होंगी बेहतर, नगर निगम ने दिए निर्देश
राजस्व संग्रहण में सुधार के निर्देश
समीक्षा के दौरान राजस्व शाखा के कर संग्रहण की प्रगति अपेक्षित स्तर के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर नगर आयुक्त ने राजस्व संग्रहण में गति लाने और निगम के आंतरिक राजस्व को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वार्डवार निर्धारित लक्ष्य, लंबित और बकाया कर की वसूली तथा राजस्व संग्रहण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
टॉप 500 बकायेदारों पर प्राथमिकता से कार्रवाई
नगर आयुक्त ने कर संग्रहकर्ता, राजस्व निरीक्षक और नगर प्रबंधकों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के लिए स्पष्ट, व्यावहारिक और लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। सभी संबंधित कर्मियों को तय कार्ययोजना के अनुरूप काम सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रत्येक वार्ड के टॉप 500 बकायेदारों की सूची और उनकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। इसके आधार पर बकाया कर की वसूली के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, कम राजस्व संग्रहण वाले क्षेत्रों और वार्डों को चिह्नित कर वहां राजस्व संग्रहण में अपेक्षित सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
समय पर उपलब्ध कराएं सत्यापित आंकड़े
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण, अद्यतन और सत्यापित आंकड़े एवं सूचनाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठकों में संबंधित पदाधिकारी और कर्मियों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित करने को भी कहा गया। बैठक में नगर प्रबंधक, राजस्व निरीक्षक, कर संग्रहकर्ता और राजस्व शाखा के अन्य कर्मी उपस्थित थे।




