जामताड़ा : जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेंगायडीह गांव में पोखरा में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे दोपहर के समय एक-दूसरे के साथ खेल रहे थे और खेलते-खेलते गांव के ही चिरकुट टोला पोखरा की ओर चले गए। बताया गया कि तीनों बच्चे पोखरा के गहरे पानी में चले गए। जब ग्रामीणों की नजर बच्चों पर पड़ी, तब घटना की जानकारी गांव तक पहुंची।
Read More : झारखंड भाषा यात्रा 9 अक्टूबर को, नौ भाषाओं के प्रतिनिधि होंगे शामिल
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी समेत जिला प्रशासन की टीम बीडीओ के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और तीनों बच्चों के शव पोखरा से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। बच्चों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी गम का माहौल है।
खेलते-खेलते पोखरा में चले गए थे बच्चे
जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज महतो ने बताया कि चेंगायडीह गांव के तीनों बच्चे खेलते-खेलते पोखरा में चले गए थे। वहां डूबने से तीनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद चेंगायडीह गांव में मातम छाया हुआ है और मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




