खूंटी। आवारा हालत में मिले एक गोवंशीय बछड़े की मृत्यु की सूचना मिलने पर बजरंग दल खूंटी के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर उसका सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया।
जानकारी के अनुसार, मामले की सूचना बजरंग दल खूंटी जिला संयोजक कर्मवीर महतो को फोन के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने बजरंग दल खूंटी नगर सह संयोजक आदर्श सिंह को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया।
जिला संयोजक के निर्देश पर आदर्श सिंह के नेतृत्व में शुभम पांडेय, संतोष कुमार, आर्यन सिंह सहित अन्य बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मृत गोवंशीय बछड़े को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाकर अंतिम संस्कार कराया।
also read ; योगेंद्र साव ने कांग्रेस के कारण बताओ नोटिस का दिया जवाब, बंद लिफाफे में मुख्यालय पहुंचे
इस अवसर पर जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने सभी हिंदुओं एवं पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि गोवंश को किसी भी परिस्थिति में सड़क पर लावारिस या आवारा न छोड़ें। गोवंश की देखभाल और सुरक्षा उसके पालक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आवारा छोड़े गए गोवंश के कारण दुर्घटनाओं के साथ-साथ स्वयं गोवंश के जीवन को भी खतरा उत्पन्न होता है।
उन्होंने कहा कि बजरंग दल खूंटी गोवंश की सेवा और सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय है। भविष्य में गोवंश को जानबूझकर लावारिस छोड़ने वाले पशु मालिकों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रचलित कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी।
बजरंग दल खूंटी ने आम लोगों से भी अपील की कि सड़क पर घायल, बीमार या लावारिस गोवंश मिलने पर तत्काल संगठन के कार्यकर्ताओं अथवा संबंधित प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी सहायता की जा सके।




