दिनदहाड़े लूट कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता का प्रमाण : संजय सेठ

अपराधियों के आगे घुटने टेक चुका है शासन। रांची। रांची के इटकी रोड स्थित आर्किड अपार्टमेंट में श्री उमेश अग्रवाल के फ्लैट में दिनदहाड़े हुई भीषण लूट की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि

अपराधियों के आगे घुटने टेक चुका है शासन।

रांची। रांची के इटकी रोड स्थित आर्किड अपार्टमेंट में श्री उमेश अग्रवाल के फ्लैट में दिनदहाड़े हुई भीषण लूट की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि यह घटना राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल का स्पष्ट प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि आज दोपहर लगभग 12 बजे, जब श्री उमेश अग्रवाल बाजार गए हुए थे, उसी दौरान बेलगाम अपराधियों ने महज 20 मिनट के भीतर पूरे घर को खंगालकर लाखों रुपये की संपत्ति लूट ली और फरार हो गए। यह घटना दर्शाती है कि राजधानी में अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है तथा आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही श्री सेठ तत्काल आर्किड अपार्टमेंट पहुंचे, पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और मौके से ही पुलिस महानिदेशक श्री तदाशा मिश्रा से दूरभाष पर बात कर अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

श्री सेठ ने कहा कि महज 20 मिनट में दिनदहाड़े एक घर में इस प्रकार की लूट होना पुलिस व्यवस्था की गंभीर विफलता को उजागर करता है। यदि राजधानी में ही लोग अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं, तो यह पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होने लगा है मानो राजधानी रांची अपराधियों के हवाले हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि राज्य में व्यापारियों को लगातार धमकियां मिल रही हैं, घरों में लूट की घटनाएं हो रही हैं और अपराधी खुलेआम हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में आम नागरिकों का व्यवस्था पर से विश्वास उठना स्वाभाविक है। यदि शासन और प्रशासन राजधानी की जनता को सुरक्षा नहीं दे सकता, तो यह सरकार के लिए गंभीर आत्ममंथन का विषय है।

श्री सेठ ने राज्य सरकार से मांग की कि इस मामले में शामिल सभी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, लूटी गई संपत्ति बरामद की जाए तथा राजधानीवासियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी और कठोर कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने रांची में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने की पुरानी मांग को तत्काल पूरा करने का भी आग्रह किया, ताकि राजधानी की कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.