प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रांची पूर्वी जिला द्वारा आज रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ समाज में सेवा और जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज महतो, कार्यक्रम संयोजक अमित चरण, विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक , कुलपति प्रो. सी. जगनाथन सहित भाजपा के समर्पित कार्यकर्तागण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। इस अवसर पर कुल 164 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है।
राज्यसभा सांसद सह भाजपा राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित यह शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने वाला है।
वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पच्चीस वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा को प्रेरणादायी मिसाल करार देते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेते हुए भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र की सेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहने का संकल्प ले रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से भी सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने तथा जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।




