रांची : झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय के सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने से पहले कार्यालय में पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के तहत ‘डंडा कट्टना’ अनुष्ठान का आयोजन किया गया। समाज के मुख्य पाहन जगलाल पाहन और शिबू पाहन के नेतृत्व में 11 पाहनों ने प्रकृति की शक्ति, ग्राम देवता और ‘सरना माई’ की पूजा-अर्चना कर उन्हें पदभार ग्रहण कराया। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे 35 जनजातीय समाजों को साथ लेकर संगठन को और मजबूत करेंगे। इस दौरान उन्होंने राज्य की सत्ताधारी झामुमो और कांग्रेस गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।
Read More : दुर्गा पूजा तैयारियों को लेकर डीसी मंजूनाथ भजन्त्री से मिली पूजा समिति
कांग्रेस और झामुमो ने आंदोलन को खरीदने-बेचने का काम किया : मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो ने वर्षों तक जनजातीय समाज को ठगने और लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य बहुत पहले बन जाता, लेकिन कांग्रेस ने धनबल के जरिए आंदोलन को खरीदने और झामुमो ने उसे बेचने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने ही अलग राज्य का सपना साकार कर आदिवासियों को वास्तविक सम्मान दिया। मरांडी ने राज्य में घटती जनजातीय आबादी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में आदिवासी आबादी 35 प्रतिशत से घटकर 26 प्रतिशत रह गई है, जबकि कुछ अन्य समुदायों की आबादी बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के संरक्षण में दुमका से लेकर रांची तक आदिवासियों की जमीनों की लूट हो रही है।
2029 के चुनावों में भाजपा की जीत का संकल्प : सन्नी टोप्पो
कार्यक्रम में मौजूद संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। नवनियुक्त अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 2029 के आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाने के लिए जनजातीय समाज कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगा। उन्होंने जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा और पारम्परिक रीति-रिवाजों के संरक्षण को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अर्जुन मुंडा, सुनील सोरेन, गंगोत्री कुजूर सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे।




