राजमहल उपकारा में सोमवार को हत्या के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी की अचानक मौत हो गई।  दोपहर में बैरक से बाहर निकालने के दौरान कैदी के अचेत पड़े होने का पता चला।  इसके बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के साल्टी पोखर निवासी 35 वर्षीय सुनील बस्की के रूप में हुई है. वह हत्या के एक मामले में 14 जुलाई 2025 से राजमहल उपकारा में बंद था.
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर भोजन करने के बाद सुनील अन्य बंदियों के साथ बैरक में आराम कर रहा था।  करीब 2:30 बजे जेल कर्मियों ने बंदियों को बैरक से बाहर निकालना शुरू किया।  एक-एक कर सभी बंदी बाहर आ गए, लेकिन सुनील अपनी जगह पर ही पड़ा रहा।  साथी बंदियों और जेल कर्मियों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद जेल कर्मियों ने जांच की तो सुनील अचेत अवस्था में मिला।  आनन-फानन में उसे सुरक्षाकर्मियों की मदद से अनुमंडल अस्पताल राजमहल ले जाया गया. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उदय टुडू ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।  घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी. कैदी की मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की प्रक्रिया की जा रही है।