रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के संगठन को पंचायत व बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर सोमवार को चंदवा प्रखंड युवा मोर्चा समिति का गठन किया गया। लातेहार युवा जिला समिति की ओर से गठित समिति में बबलू राही को प्रखंड अध्यक्ष, अजय उरांव को उपाध्यक्ष, शंकर टाना भगत को सचिव और चंद्रदेव गंझू को संगठन सचिव बनाया गया।
झामुमो जिला उपाध्यक्ष सितमोहन मुंडा और चंदवा प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी की मौजूदगी में नवनिर्मित पदाधिकारियों की घोषणा की गयी। इस दौरान सभी नवनिर्मित पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गयीं।
मौके पर जिला उपाध्यक्ष सितमोहन मुंडा ने कहा कि युवा किसी भी संगठन की मजबूत ताकत होते हैं। नई टीम के गठन से चंदवा प्रखंड में संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवनिर्मित पदाधिकारियों से पार्टी के सिद्धांत और विचारधारा के अनुरूप ईमानदारी व निष्ठा के साथ काम करने की अपील की।
प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ गांव-गांव तक पहुंचें और युवाओं को संगठन से जोड़ने का काम करें।
वहीं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रंजीत उरांव ने नवनिर्मित पदाधिकारियों को पार्टी के संविधान, सिद्धांत और वरिष्ठ नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन व समर्पण के साथ कार्य करने की बात कही।
युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंकित तिवारी ने नयी टीम को निर्देश दिया कि चंदवा प्रखंड की सभी पंचायतों में युवा पंचायत समितियों का गठन किया जाए। गठित समितियों की सूची एवं आवश्यक विवरण आदेश की तिथि से 20 दिनों के अंदर युवा जिला समिति, लातेहार को उपलब्ध कराने को कहा गया।
इस अवसर पर अजय उरांव, अनिल उरांव, संतोष गंझू, राजेश उरांव, संतोष उरांव, शोषण टाना भगत, सुनील कुमार, चंद्रदेव गंझू, रविंदर यादव, तनवीर अंसारी और सज्जाद अंसारी समेत कई कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे।




