रांची : राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व बेहद उत्साह और भक्तिभाव के साथ शुरू हुआ। शहर के विभिन्न इलाकों में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और पूजा पंडाल सज चुके हैं। इसके साथ ही, पतियों की लंबी उम्र के लिए महिलाओं द्वारा रखा जाने वाला निर्जला हरितालिका तीज व्रत भी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई। 24 घंटे के निर्जला उपवास के बाद मंगलवार को व्रत का पारण किया जाएगा। इस पावन अवसर पर झारखंड के CM हेमंत सोरेन ने समस्त राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और ‘जोहार’ कहा है।
Read More : रांची नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, एक वर्ष में दर्जनों एकड़ अतिक्रमित भूमि मुक्त
सीएम ने सोशल मीडिया पर किया श्लोक साझा
CM हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर भगवान गणेश की स्तुति करते हुए लिखा, “एकदन्तं महाकायं लम्बोदरं गजाननम्। विघ्ननाशकरं देवं हेरम्बं प्रणमाम्यहम्॥ विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश की आराधना के पावन पर्व गणेश चतुर्थी पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार।” उन्होंने आगे लिखा कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन से विघ्न-बाधाओं को दूर करें और सुख, शांति, समृद्धि एवं सफलता का आशीर्वाद दें। समाज में सभी के बीच प्रेम, सद्भाव और खुशहाली बनी रहे, यही उनकी कामना है। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘ॐ गं गणपतये नमः’, ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ का जयकारा भी लगाया।
राज्यपाल ने संजय सेठ के आवास पर की आरती
गणेश उत्सव के पहले दिन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के रांची स्थित आवास पहुंचकर भगवान गणपति महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान राज्यपाल ने भी समस्त झारखंडवासियों को गणेश उत्सव की बधाई दी और राज्य में सुख-शांति व सौहार्द की कामना की। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने राज्यपाल की उपस्थिति पर उनका आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर पूजन की तस्वीरें साझा कीं और प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।




