रांची : माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा आयोजित ‘बॉक्स क्रिकेट सीजन 5’ का दो दिवसीय टूर्नामेंट 12 और 13 सितंबर को बरियातू स्थित डॉट बॉल में उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में कुल 8 पुरुष और 4 महिला टीमों के 92 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 64 पुरुष और 28 महिला खिलाड़ी शामिल थे। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के सदस्यों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द, टीम भावना और सामुदायिक एकता को मजबूत करना रहा।
पुरुष वर्ग में धुआंधार बॉयज बनी विजेता
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में ‘धुआंधार बॉयज एंड कंपनी’ (Dhuadhar Boys & Co) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि ‘द मिसफिट्स’ (The Misfits) की टीम उपविजेता रही। व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर विक्रम साबू को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (MVP), उत्सव मंत्री को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और विनय मंत्री को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से नवाजा गया।
महिला वर्ग में वोमेनिया ने मारी बाजी
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में ‘वोमेनिया’ (Womaniya) ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि ‘विक्ट्री वाइव्स’ (Victory Vibes) उपविजेता बनी। महिला वर्ग में वानिया लाखोटिया को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (MVP), मणि राठी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और पूनम राठी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।
आयोजन में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष उत्सव मंत्री, स्पोर्ट्स डायरेक्टर रितेश खटोर, धीरेन्द्र राठी, कुणाल बोरा, हेमंत चिलांगिया, अक्षय मालपानी तथा प्रोजेक्ट चेयरपर्सन हार्दिक बिहानी, हिमांशु चितलांगिया और मधुर माहेश्वरी की सक्रिय भूमिका रही। इसके अलावा माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष मुकेश काबरा, मनोज कल्याणी, गोवर्धन भाला, गौतम राठी, श्याम बिहानी, अंकुर डागा, पंकज साबू, विनय मंत्री, मनोज काबरा तथा महिला समिति की उपाध्यक्ष अनीता साबू, विनीता बिहानी, पूनम राठी और सुमन बहेती सहित कई सदस्य उपस्थित थे।




