इस्लामाबाद/क्वेटा : पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। बलूचिस्तान के लासबेला जिले में एन-25 (N-25) राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले पर एक बड़ा हमला हुआ है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस भीषण विस्फोट में 23 से अधिक जवानों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
Read More : गणेश चतुर्थी पर राशि अनुसार करें ये उपाय, जानें क्या चढ़ाएं
15 वाहनों के काफिले पर हमला, सुरक्षा वाहन में लगी आग
घटना लासबेला जिले के कशारी इलाके की है, जहां फ्रंटियर फोर्स के करीब 15 वाहनों का काफिला गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट किया गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि सुरक्षा बलों का एक वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। हादसे के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायल जवानों को बेला शिविर में भर्ती कराया गया है।
बीएलए पर हमले का शक, हाईवे किया गया बंद
इस हमले का सीधा आरोप अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) पर लगाया जा रहा है। बीएलए पिछले कई महीनों से बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना, सरकारी इमारतों और मुख्य परिवहन मार्गों पर लगातार हमले कर रहा है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे कशारी इलाके को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा कारणों से N-25 हाईवे को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। हालांकि, पाकिस्तानी सेना या सरकार की ओर से अभी तक इस हमले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे हताहतों की अंतिम संख्या में बदलाव हो सकता है।
सामरिक रूप से बेहद अहम है लासबेला इलाका
लासबेला में स्थित N-25 राष्ट्रीय राजमार्ग बलूचिस्तान के सबसे महत्वपूर्ण सड़क मार्गों में से एक है, जो तटीय बंदरगाह शहर कराची को प्रांतीय राजधानी क्वेटा से जोड़ता है। कराची के करीब होने के कारण यह इलाका रणनीतिक और व्यापारिक दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील माना जाता है। बलूचिस्तान में हाल के महीनों में हिंसा का दौर काफी तेजी से बढ़ा है, जहां उग्रवादी संगठन सड़कों पर सुरक्षा काफिलों को लगातार निशाना बना रहे हैं।





