रांची : झारखंड की राजधानी रांची में चेंबर ऑफ कॉमर्स के चुनाव को लेकर आज यानी रविवार को व्यवसायियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में सुबह नौ बजे मतदान शुरू होते ही व्यवसायियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। चुनाव मैदान में उतरी तीनों टीमों के प्रत्याशी और उनके समर्थक दिनभर मतदाताओं को साधने में जुटे रहे।
Read More : 50 हजार की लूट के बाद व्यापारी पर फायरिंग, ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोचा
तीन टीमों में मुकाबला, प्रत्याशियों ने पेश किया विजन
चुनाव में उतरी तीनों टीमों के प्रत्याशी और समर्थक मारवाड़ी भवन के आसपास बेहद सक्रिय दिखे। प्रत्याशी लगातार व्यवसायियों से संवाद कायम कर अपनी टीम के पक्ष में वोट देने की अपील करते नजर आए। समर्थकों ने व्यवसायियों के बीच अपनी-अपनी टीमों के विजन, प्राथमिकताओं और भावी योजनाओं को भी प्रमुखता से रखा।
4214 मतदाता करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल
मारवाड़ी भवन में निष्पक्ष और सुचारू मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस चुनाव में कुल 4,214 मतदाता पंजीकृत हैं, जो शाम पांच बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के बाद आने वाले परिणामों को लेकर रांची के पूरे व्यवसायी वर्ग में उत्सुकता का माहौल है और तीनों ही टीमें अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं।
जाम से निपटने की पहल: साइकिल और पैदल पहुंचे पदाधिकारी
हरमू रोड पर यातायात व्यवस्था बाधित न हो और जाम की स्थिति न बने, इसके लिए चुनाव पदाधिकारियों ने खास पहल की थी। चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने सभी सदस्यों से पैदल या साइकिल से मतदान केंद्र आने का आग्रह किया था। इसका व्यापक असर देखने को मिला और कई व्यवसायी अपने परिजनों के साथ पैदल ही वोट डालने पहुंचे। चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर स्वयं साइकिल चलाकर मारवाड़ी भवन पहुंचे, वहीं पवन शर्मा भी पैदल चलकर मतदान केंद्र पहुंचे।






