108 एम्बुलेंस सेवा एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश एवं सभी जिलों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आज भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, धुर्वा, रांची में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने की।
संघ ने कहा कि MD, NHM कार्यालय द्वारा राज्य के सभी सिविल सर्जनों को जिला स्तर पर 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं, बावजूद इसके कई जिलों में जिला स्तर से एम्बुलेंस सेवा का संचालन प्रारंभ नहीं किया गया है।
संघ द्वारा पूर्व में सरकार को वर्तमान 108 एम्बुलेंस सेवा की टेंडर प्रक्रिया पूर्णतः निरस्त करने, जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से सेवा संचालन शुरू करने, कंपनी द्वारा सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को पुनः सेवा में बहाल करने तथा कर्मचारियों को वैधानिक श्रमिक अधिकार की सुविधा उपलब्ध करने की मांग की गई थी । साथ ही, 08 सितंबर 2026 तक जिला स्तर पर एम्बुलेंस संचालन शुरू करने का आग्रह किया गया था। निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है।
चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम
1. 10 से 12 सितंबर 2026: जिलों से राज्य सरकार को पत्र प्रेषित किया जाएगा।
2. 14 से 19 सितंबर 2026: सभी कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे।
3. 19 सितंबर 2026: सभी जिलों में कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
4. 21 सितंबर 2026: सभी जिलों के सिविल सर्जन कार्यालय में भिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
5. 23 सितंबर 2026: सभी जिलों में सिविल सर्जन/उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
6. 25 सितंबर 2026: राज्यभर में एक दिवसीय पूर्ण हड़ताल एवं NHM कार्यालय, नामकुम के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
7. 28 सितंबर 2026 से: मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं 108 एम्बुलेंस सेवा बाधित करने का आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संघ ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारी कभी भी 108 जैसी महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा को बाधित कर हड़ताल नहीं करना चाहते हैं। संघ द्वारा सरकार एवं संबंधित अधिकारियों से कई बार मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया गया तथा समाधान का आश्वासन भी मिला, लेकिन आश्वासनों को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया। इसी कारण संघ अब आंदोलन का निर्णय लेने के लिए बाध्य हुआ है।
बैठक में मुख्य रूप से रमाशंकर प्रसाद, प्रभारी एम्बुलेंस कर्मचारी संघ एवं प्रदेश मंत्री, भारतीय मजदूर संघ उपस्थित रहे। इसके अलावा मुकेश कुमार, अजय कुमार दांगी, रविकांत देव, मृत्युंजय कुमार, कुणाल बनर्जी, सुखलाल उरांव, मदन कुमार, आशीष कुमार, चंदन कुमार, ललन चौधरी, राजू ठाकुर, राजेश कुमार, श्री राम कुमार, नेहाल कुमार, ओम विजय, निशा प्रभा, आनंद कुमार, निर्भय राणा, सुरेंद्र लहरी, रविंद्र शर्मा, सुखबीर उरांव, पंकज कुमार, मनोज साहू, कृष्ण कुमार यादव सहित सभी जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने सरकार से मांग की है कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने से पूर्व जिला स्तर पर 108 एम्बुलेंस सेवा का संचालन तत्काल प्रारंभ किया जाए, टेंडर प्रक्रिया निरस्त की जाए तथा हटाए गए कर्मचारियों को पुनः सेवा में बहाल किया जाए।





