पटना : बिहार की राजधानी पटना में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने तीन दिनों के अंदर दूसरी बार बड़ी छापेमारी की है। बुधवार सुबह NIA की टीम चित्रगुप्त नगर इलाके के साईं कुसुम इन्फिनिटी अपार्टमेंट पहुंची। टीम ने यहां संदीप नाम से लिए गए दो फ्लैट्स (संख्या 1206 और 609) पर एक साथ दबिश दी। करीब 8 अधिकारियों की यह टीम रांची में आरएसएस कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में जांच के सिलसिले में पहुंची है।
Read More : कोडरमा वृंदाहा वॉटरफॉल में नहाते समय किशोर डूबा, तलाश जारी
दिल्ली से गिरफ्तारी के बाद पटना पहुंची NIA टीम
सूत्रों के अनुसार, रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले के मामले में दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उसी आरोपी की निशानदेही और मिले इनपुट्स के आधार पर NIA की टीम पटना के इस अपार्टमेंट तक पहुंची है। सदर एसडीएसपी-1 मनोज कुमार ने बताया कि रांची में आरएसएस दफ्तर पर हुए हमले के मामले में मिली जानकारी के बाद संदीप के दोनों फ्लैटों की तलाशी ली जा रही है।
8 सितंबर को हुई थी पहली छापेमारी, मिला था 20 लाख कैश
इससे पहले 8 सितंबर को भी इसी साईं कुसुम इन्फिनिटी अपार्टमेंट में NIA ने बड़ी कार्रवाई की थी। मुख्य सड़क से सटे मॉल के पास स्थित इस अपार्टमेंट में छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध को भागने की कोशिश करते हुए दबोचा गया था। पुलिस और एसटीएफ की मदद से पकड़े गए युवक की पहचान पूर्वी चंपारण के चकिया निवासी अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई थी। जांच के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से करीब 20 लाख रुपए नकद बरामद किए गए थे, जिसकी सूचना आयकर विभाग को भी दी गई थी। इस कार्रवाई में एक मोस्टवांटेड को भी पकड़े जाने की बात सामने आई थी।
16 जून को रांची के RSS कार्यालय पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि 16 जून को रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की गई थी। सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात युवक सॉस की बोतल में भरकर पेट्रोल लाते और आग लगाकर फेंकने का प्रयास करते दिखे थे। हालांकि, दोनों बोतलें बाउंड्री के बाहर ही गिर गईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया था और कार्यालय को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। इसी मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए अब NIA लगातार छापेमारी कर रही है।





