कोडरमा : जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित वृंदाहा वॉटरफॉल में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर डूब गया। उसकी पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी सागर कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तेज बारिश के कारण अभियान में परेशानी आ रही है। जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद के एक निजी कोचिंग संस्थान के संचालक करीब 10 बच्चों के साथ कोडरमा के वृंदाहा वॉटरफॉल में पिकनिक मनाने आए थे। सभी बच्चे वॉटरफॉल के पास नहा रहे थे।
Read More : हेमंत सोरेन की याचिका पर हाईकोर्ट का ED को नोटिस, जवाब तलब
चट्टान पर चढ़कर रील बना रहा था सागर
बताया गया कि सागर कुमार वॉटरफॉल के पास एक चट्टान पर चढ़कर नहा रहा था और रील बना रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चट्टान के नीचे मौजूद गहरे गड्ढे में गिर गया। सागर के डूबते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। वॉटरफॉल के पास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने तुरंत तिलैया पुलिस को घटना की सूचना दी।
तेज बारिश से तलाश में आई परेशानी
सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से डूबे किशोर की तलाश शुरू की। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सागर कुमार की तलाश में काफी परेशानी आ रही है। बताया जा रहा है कि गोताखोरों को बुलाकर अगले दिन शव की तलाश फिर से की जाएगी।
वॉटरफॉल के पास गहरी खाई
वृंदाहा वॉटरफॉल में एक चट्टान के पास गहरी खाई है। जिला प्रशासन लगातार लोगों को वॉटरफॉल के नजदीक जाने से मना करता है। इसके बावजूद दूसरे जिलों से आने वाले लोग चट्टानों पर चढ़ते हैं। रील या सेल्फी लेने के दौरान कई लोग गहरे पानी में डूब जाते हैं।






