रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत महुआजारी पंचायत भवन और बांसजाड़ी गांव में ग्रामीणों के बीच माइक्रो लेवल डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। यह अभियान झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सह कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, झालसा की सदस्य सचिव रंजना अस्थाना और न्यायायुक्त सह अध्यक्ष डालसा, रांची अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान चरण-1 के तहत यह कार्यक्रम लगातार 60 दिनों तक चलेगा।
Read More : चैंबर चुनाव : अपर बाजार में पहुंची टीम तुलसी पटेल, मांगा समर्थन
पेसा अधिनियम और ग्राम सभा के अधिकारों की जानकारी
ग्रामीणों को नालसा की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए सहायक एलएडीसी सौरभ पांडे ने बताया कि राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक मुफ्त कानूनी सहायता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए माइक्रो-लेवल कानूनी जागरूकता एवं आउटरीच अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण, दूरदराज के क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बीच जमीनी स्तर पर कानूनी साक्षरता को मजबूत करना है। डालसा टीम ने ग्रामीणों को नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी। सौरभ पांडे ने पेसा अधिनियम के तहत ग्राम सभा के अधिकारों पर चर्चा की। साथ ही आदिवासी बहुल क्षेत्रों में जंगल, जल और जमीन के संरक्षण से जुड़ी जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
घर-घर पहुंची डालसा की टीम
डोर-टू-डोर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डालसा टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों के घर-घर जाकर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उनके समाधान की दिशा में पहल करने की बात कही। ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन योजना, पीएम किसान योजना, पशुपालन शेड योजना, राशन कार्ड, सिंचाई मशीन और लेबर कार्ड से संबंधित आवेदन भी लिए गए। कार्यक्रम के दौरान लगभग 1100 लोग जागरूक हुए और नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से रू-ब-रू हुए। मौके पर डालसा के कार्यरत पीएलवी भुप्रताप महतो ने मध्यस्थता और आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी। इसके अलावा पीएलवी ने बाल विवाह, बाल श्रम, दहेज प्रथा, डायन बिसाही और स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर डालसा टीम में सहायक एलएडीसी सौरभ पांडे, पीएलवी कालिन्दर गोप, संजीत उरांव, सुनिता देवी, भुप्रताप महतो, अमित बड़ाईक, बंधु उरांव, सुमाती कुमारी, मंगल तिर्की, रेनु देवी, संगीता सिंह, सोनू सिंह, निलश्याम कुमार कश्यप, चालक राजा वर्मा सहित बांसजाड़ी गांव के ग्रामीण उपस्थित थे।




