देवघर में करोड़ों का साइंस सेंटर तैयार, लेकिन बच्चों को रास्ता नहीं मालूम

देवघर : जिले के देवीपुर में करोड़ों रुपये की लागत से बना नया साइंस सेंटर बच्चों को विज्ञान से जोड़ने की अच्छी पहल है। यहां बच्चों को सिर्फ किताबों से पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अलग-अलग वैज्ञानिक गतिविधियों और नई तकनीकों के बारे में भी जानने-समझने

साइंस सेंटर
देवघर साइंस सेंटर

अपनी भाषा में पढ़ें

देवघर : जिले के देवीपुर में करोड़ों रुपये की लागत से बना नया साइंस सेंटर बच्चों को विज्ञान से जोड़ने की अच्छी पहल है। यहां बच्चों को सिर्फ किताबों से पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अलग-अलग वैज्ञानिक गतिविधियों और नई तकनीकों के बारे में भी जानने-समझने का मौका मिलेगा। लेकिन सेंटर बनकर तैयार होने के बाद अब शिक्षा विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि जिले के ज्यादा से ज्यादा बच्चों को यहां तक कैसे पहुंचाया जाए। दरअसल, साइंस सेंटर ग्रामीण इलाके में बना है, जिसके चलते कई स्कूलों के संचालकों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को यहां पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है। हैरानी की बात तो यह है कि कई बार गूगल मैप से भी सेंटर की सही लोकेशन नहीं मिल पाती। ऐसे में लोग रास्ता भटक जाते हैं और उन्हें सेंटर तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

Read More : रांची में 9 वर्षीय बच्ची से दरिंदगी का आरोप, पिता की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस

ग्रामीण इलाके में होने से लोकेशन खोजने में परेशानी

साइंस सेंटर तक पहुंचने का सही रास्ता नहीं मिलने से शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को भी परेशानी हो सकती है। आसपास के गांवों में सेंटर की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण बाहरी लोगों के लिए इसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस शैक्षणिक केंद्र का लाभ जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक कैसे पहुंचेगा। इसके लिए भवन निर्माण के साथ-साथ बेहतर पहुंच और व्यापक प्रचार-प्रसार की जरूरत महसूस की जा रही है।

जिला शिक्षा अधीक्षक ने बताई समस्या

इस संबंध में देवघर के जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने बताया कि साइंस सेंटर का निर्माण एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल है। विभाग लगातार प्रयास कर रहा है कि जिले के अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने स्वीकार किया कि साइंस सेंटर के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के कारण लोगों को इसकी लोकेशन खोजने में परेशानी हो रही है। कई बार गूगल मैप और दूसरे तकनीकी माध्यमों से भी सही जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे लोग आसपास के इलाकों में भटक जाते हैं।

मधुकर कुमार ने बताया कि इस समस्या को दूर करने के लिए साइंस सेंटर की लोकेशन को गूगल मैप और अन्य तकनीकी माध्यमों पर बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों को आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों के बीच इसकी जानकारी का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया जा रहा है। इससे बाहर से आने वाले लोगों और स्कूल प्रतिनिधियों को स्थानीय ग्रामीण भी सही रास्ता बता सकेंगे।

हर स्कूल के बच्चों को साइंस सेंटर ले जाने की योजना

जिला शिक्षा विभाग जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को बारी-बारी से साइंस सेंटर का भ्रमण कराने की योजना पर भी काम कर रहा है। विभाग की कोशिश है कि अलग-अलग स्कूलों के बच्चे यहां पहुंचकर विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों, तकनीकी जानकारियों और आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों को करीब से समझ सकें। इससे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी। साथ ही उन्हें किताबी ज्ञान के अलावा व्यावहारिक जानकारी भी मिलेगी। एक स्कूल के बच्चे जब यहां भ्रमण के बाद अपने सहपाठियों और दूसरे विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करेंगे, तो सेंटर का प्रचार-प्रसार भी बढ़ेगा।

पोस्टर-बैनर से भी होगा प्रचार-प्रसार

शिक्षा अधीक्षक ने बताया कि साइंस सेंटर की जानकारी अधिक से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों तक पहुंचाने के लिए पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार माध्यमों का सहारा लिया जाएगा। स्कूलों के शैक्षणिक भ्रमण को नियमित रूप देने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि जिले के अलग-अलग प्रखंडों के विद्यार्थियों को इस केंद्र का लाभ मिल सके। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग की ये पहल कितनी प्रभावी साबित होती है और करोड़ों रुपये की लागत से बना यह साइंस सेंटर देवघर के विद्यार्थियों के लिए कितना उपयोगी साबित हो पाता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *