जामताड़ा: पश्चिम बंगाल की उपमुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल के देवघर जाने के क्रम में गुरुवार को जामताड़ा के मां चंचला चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उपमुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
स्वागत से अभिभूत अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि देवघर जाने के दौरान जामताड़ा के मां चंचला चौक पर कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत से उनका मन प्रसन्न हो गया। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर उन्होंने कहा कि हिंदुओं के बलिदान के कारण भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत मिली है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्गा पूजा के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी और पूरे पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा भव्य एवं धूमधाम से मनाई जाएगी।
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है और उपमुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल महत्वपूर्ण मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनके पहली बार जामताड़ा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि मां चंचला की पावन भूमि पर सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। भाजपा जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि अग्निमित्रा पॉल के पहली बार जामताड़ा आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत के बाद अब पार्टी का जीत का रथ झारखंड की ओर भी बढ़ेगा।
read also खेलगांव में तीन दिवसीय सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
स्वागत कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, जिला मंत्री आभा आर्या, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे, चंदन राउत, प्रवीण आनंद मिश्रा, नगर महामंत्री लखिन्द्र सिंह, नगर मंत्री ब्रजेश राउत सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




