रांची : रांची नगर निगम शहर की सरकारी जमीनों को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में वार्ड संख्या-45 के ग्वाला टोली, डोरंडा में सरकारी भूमि पर किए गए अनधिकृत कब्जे के मामले में संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया गया है। यह कार्रवाई खाता संख्या-213, प्लॉट संख्या-140 और रकबा 01 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी भूमि पर किए गए अनधिकृत कब्जे के संबंध में की गई। मौके पर नोटिस चस्पा करने के साथ माइकिंग के जरिए भी संबंधित अतिक्रमणकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
Read More : अभिनंदन वर्धमान ने शुरू किया नया सफर, बने यात्री विमान के पायलट
48 घंटे में कब्जा हटाने का निर्देश
रांची नगर निगम ने संबंधित व्यक्ति को सरकारी भूमि से अनधिकृत कब्जा और अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नियमानुसार उक्त भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान होने वाले खर्च और अन्य परिणामों की पूरी जवाबदेही संबंधित व्यक्ति की होगी।
सरकारी जमीन और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा स्वीकार नहीं
रांची नगर निगम ने कहा है कि सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम के अनुसार ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




