रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा के बहुप्रतीक्षित वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘पैंथियॉन 2026’ का भव्य शुभारंभ आज मंगलवार को ‘थीम रिवील सेरेमनी’ के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्र मामलों के डीन डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, सह छात्र मामलों के डीन दिलीप कुमार उपाध्याय एवं गौतम शांडिल्य, संकाय समन्वयक डॉ. चंचल कुमार मिश्रा तथा सह-संकाय समन्वयक डॉ. परितोष मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहें।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:00 बजे एक ऊर्जावान क्लब परेड के साथ हुई। बैंड-बाजों की गूंज और छात्रों के उत्साह के बीच विभिन्न क्लबों ने मुख्य भवन से अपने मार्च पास्ट की शुरुआत की। छात्रावास-2, टी-जंक्शन, छात्रावास-1 और आर.एंड.डी. एंड्स से गुजरते हुए परेड आई.सी. एरिना पहुंची, जहां रास्ते भर मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।
शाम का मुख्य आकर्षण 6:30 बजे आया, जब छात्र मामलों के डीन डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने मंच संभालकर पैंथियॉन 2026 की थीम ‘विज्ञानम्’ का अनावरण किया। थीम का खुलासा होते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इसके ठीक बाद 6:35 बजे महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट को भी लॉन्च किया गया, जिससे प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई।
इसके बाद 6:40 बजे आयोजन के संकाय समन्वयक डॉ. चंचल कुमार मिश्रा एवं सह-समन्वयक डॉ. परितोष मेहता ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने इस वर्ष की थीम के वैज्ञानिक महत्व और दृष्टिकोण को विस्तार से साझा किया।
6:45 बजे डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने अपने ओजस्वी संबोधन से छात्रों में नया जोश और ऊर्जा भरा। उन्होंने इस वर्ष के टेक-फेस्ट की थीम ‘विज्ञानम्’ के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और इसे आज के तकनीकी युग से जोड़ा और अपने ऊर्जावान संबोधन में उन्होंने छात्रों से पूरे उत्साह, लगन और ऊर्जा के साथ इस आयोजन में भाग लेने का आह्वान किया।
शाम 6:50 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में ‘डांस क्लब’ के कलाकारों ने अपनी शानदार और ऊर्जावान प्रस्तुति से मंच पर समां बांध दिया।
‘धुनकी’ के डीजे नाइट के धमाकेदार प्रहार के साथ ही आई.सी. एरिना का पूरा माहौल संगीतमय हो उठा; गानों के धुन और युवाओं के उत्साह ने पूरे परिसर को जश्न के एक महासागर में तब्दील कर दिया।
रात 8:30 बजे इस भव्य समारोह का सफल समापन हुआ, जिसने आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले ‘पैंथियॉन 2026’ के मुख्य कार्यक्रमों के प्रति पूरे परिसर में एक अनूठा उत्साह और उत्सुकता का माहौल बना दिया।


