रांची : जिले के डोरंडा विद्युत डिवीजन क्षेत्र के ग्राम हेसाग में सरकारी बिजली उपकरणों की कथित बरामदगी को लेकर विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष संजय महली की शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में अनवर अंसारी के घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने बड़ी मात्रा में सरकारी विद्युत सामग्री बरामद किए जाने का दावा किया है। बरामद सामानों में बिजली के तार, केबल, ट्रांसफॉर्मर, इंसुलेटर, एमसीबी बॉक्स, रेल पोल समेत कई अन्य विद्युत उपकरण शामिल बताए जा रहे हैं।
Read More : राम मंदिर चढ़ावे के विवाद पर संतों की बैठक में हंगामा, जांच की मांग
करोड़ों की सामग्री होने की संभावना
विभागीय सूत्रों के अनुसार, बरामद विद्युत सामग्री की कीमत करोड़ों रुपये में होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सामग्री के वास्तविक मूल्यांकन और उसके सरकारी होने की पुष्टि सूचीबद्ध जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। मौके पर विद्युत अधीक्षण अभियंता कार्यालय और डोरंडा डिवीजन के अधिकारी मौजूद हैं। विभागीय टीम बरामद सभी सामानों की गिनती, पहचान और सूची तैयार कर रही है।
विभागीय टीम कर रही सामग्री की जांच
जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कितनी मात्रा में विद्युत सामग्री बरामद हुई है और वह विभाग के किस भंडार या कार्यस्थल से संबंधित है। कार्रवाई के दौरान प्रमोद कुमार गुप्ता, कार्यपालक अभियंता, सौरव कुमार, सहायक अभियंता, डोरंडा डिवीजन, विभागीय कनीय अभियंता समेत अन्य कर्मी मौके पर मौजूद थे।




