धनबाद। चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह और साले रंजीत कुमार सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश होने के लिए एक बार फिर समय मांगा है। दोनों ने ईडी को पत्र भेजकर 20-20 दिन का अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया है।विश्व विजय सिंह को 25 अगस्त और रंजीत कुमार सिंह को 24 अगस्त को ईडी के समक्ष हाजिर होना था। हालांकि, दोनों निर्धारित तारीख पर एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। इसके बजाय उन्होंने पत्र भेजकर 20-20 दिन का समय मांगा।
दूसरी बार मांगा समय
बताया जा रहा है कि विश्व विजय सिंह और रंजीत कुमार सिंह ने ईडी से दूसरी बार समय मांगा है। इससे पहले दोनों ने एक-एक महीने का समय मांगा था। ईडी ने उनके आवेदनों पर विचार करने के बाद उन्हें केवल एक-एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया था।पहली बार समय मांगने के पीछे दोनों ने अपनी मां और भाई की बीमारी का हवाला दिया था।
छापेमारी के दौरान दिए गए बयान भी चर्चा में
मामले में यह बात भी चर्चा में है कि ईडी की छापेमारी के दौरान दिए गए कथित बयानों में पारिवारिक संबंधों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई थीं। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया था कि उसकी मां से करीब 10 साल से मुलाकात और बातचीत नहीं हुई है। वहीं, दूसरे ने अपने भाई के साथ संबंध खराब होने की बात कही थी। बताया गया कि वह यह भी स्पष्ट नहीं कर सका था कि उसका भाई क्या काम करता है और उसके कितने बच्चे हैं। फिलहाल दोनों के दोबारा समय मांगने के आवेदन पर ईडी की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर नजर बनी हुई है।




