धनबाद : झारखंड के डुमरी से विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रमुख जयराम महतो की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी भरा व्हाट्सएप कॉल का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है। इस प्रकरण के सामने आते ही थानेदार की लिखित शिकायत पर पूर्व में दर्ज FIR में ही इस नई घटना की धाराएं जोड़ दी गई हैं।
Read More : गिरिडीह CCL अस्पताल में भू-धंसान, दो भवनों में आईं चौड़ी दरारें
धनबाद पुलिस में भारी आक्रोश
थानेदार रवि कुमार द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार 22 अगस्त की रात करीब 8:09 बजे विधायक जयराम महतो ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल किया। आरोप है कि विधायक अपने समर्थक गणेश दास के खिलाफ FIR दर्ज होने और उसकी गिरफ्तारी से नाराज थे। शिकायत में कहा गया है कि जब थानेदार मामले की जानकारी देने लगे, तभी विधायक ने उनके साथ कथित तौर पर अमर्यादित और गाली-गलौज वाली भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि विधायक ने “वर्दी उतरवाने”, “सरकार बदलने के बाद देख लेने” और “ऑफ ड्यूटी मिलने पर सबक सिखाने” की धमकी दी। इस घटना से धनबाद पुलिस कर्मियों में काफी नाराजगी है। धनबाद पुलिस मेंस एसोसिएशन ने थानेदार रवि कुमार के समर्थन में आकर स्पष्ट कहा है कि जब तक विधायक पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक जिले में पुलिसकर्मी काम नहीं करेंगे।
बरवाअड्डा थानेदार से जयराम महतो की कथित गाली-गलौज का ऑडियो वायरल, FIR दर्ज#jairammahato #barwaddathana #dhanbadnews #JharkhandNews #FIR #viralaudio #JHLive #JharkhandLatestNews #jlkm pic.twitter.com/6U85w4kGJA
— JH LIVE (@jhliveonline) August 25, 2026
फर्जी प्रमाण पत्र से शुरू हुआ पूरा विवाद
इस पूरे सियासी व कानूनी संग्राम की नींव बड़ापिछरी पंचायत से जुड़ी है। पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में जेएलकेएम नेता गणेश दास को पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसी कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार रात बरवाअड्डा थाने में विधायक समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई थी।
आमने-सामने दर्ज हुई क्रॉस FIR
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बरवाअड्डा थाने में दोनों पक्षों की ओर से दर्जनों संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानेदार की शिकायत पर विधायक जयराम महतो समेत 10 नामजद (सुशील मंडल, दिलीप चौधरी, राजकुमार मंडल, जीतेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक कुमार महतो, रंजीत कुमार साव, राजेश महतो, महेंद्र साव, त्रिपुरी पांडेय) और 50 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज है। मुखिया के बेटे प्रदीप कुमार रजक ने आरोप लगाया है कि विधायक जयराम महतो ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, गला दबाने की कोशिश की और उनके समर्थकों से मारपीट करवाई। विधायक ने सभी आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि वे हिरासत में लिए गए गणेश दास के साथ हुई पुलिसिया बर्बरता की जानकारी लेने पहुंचे थे, जहां उनके साथ मारपीट की गई और सोने की चेन व नकदी छीन ली गई। विधायक ने थाने के सीसीटीवी (CCTV) और मीडिया फुटेज से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।




