रांची : शहर में व्यवस्थित यातायात, सुरक्षित आवागमन और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास कार्रवाई करते हुए अस्थायी संरचनाएं और सड़क किनारे लगे सामान हटाए। टीम ने विमेंस कॉलेज के साइंस ब्लॉक के पास मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 10 अस्थायी संरचनाओं को हटाया। इस दौरान दो ठेले भी जब्त किए गए।
Read More : चांडिल में होटल कारोबारी की गोली मारकर हत्या, 9 खोखे बरामद
सेंट जेवियर्स कॉलेज के पास भी कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने सर्कुलर रोड स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज के सामने भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। यहां कार्रवाई के दौरान तीन काउंटर, दो टेबल और अन्य सामग्रियों को जब्त किया गया। अभियान के दौरान संबंधित मार्गों से अवैध रोड साइड वेंडर्स को हटाया गया। सड़क और पैदल आवागमन वाले हिस्सों को अतिक्रमण मुक्त कर रास्ता सुगम बनाया गया। नगर निगम के अनुसार, कार्रवाई से कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन में सुविधा मिलेगी। निगम की टीम ने संबंधित लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण मुक्त मार्ग रखने की अपील
रांची नगर निगम का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं है। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण, पैदल यात्रियों के लिए सुगम मार्ग और आम नागरिकों के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना भी इसका उद्देश्य है। निगम ने नागरिकों और दुकानदारों से सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है।




