जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंथ माइल स्टोन होटल परिसर में सोमवार दोपहर एक भीषण वारदात सामने आई है। जमशेदपुर के कदमा निवासी प्रमुख होटल कारोबारी और भाजपा नेता निखार सबलोक की दो अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। अचानक हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से पूरे होटल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
Read More : JMM सरकार पर प्रतुल शाहदेव का हमला, नाजी जर्मनी से की तुलना
मीटिंग खत्म कर बाहर निकलते ही अपराधियों ने बोला हमला
घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार निखार सबलोक अपने कुछ व्यावसायिक साथियों के साथ टेंथ माइल स्टोन होटल में एक मीटिंग में शामिल होने आए थे। मीटिंग खत्म होने के बाद निखार जैसे ही होटल की सीढ़ियों से उतरकर परिसर में खड़ी अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, पहले से घात लगाकर बैठे दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अपराधियों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में निखार को चार गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
फायरिंग की आवाज सुनते ही परिसर में मौजूद उनके दोस्त तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से लहूलुहान निखार को तत्काल गाड़ी में बैठाकर जमशेदपुर स्थित टीएमएच (TMH) अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से 9 खोखे बरामद किए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हत्या के कारणों तथा अपराधियों की पहचान में जुट गई है।
इलाके में शोक की लहर
निखार सबलोक केवल एक सफल होटल कारोबारी ही नहीं थे, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से भी जुड़े हुए थे। इसके अलावा, उन्हें जमशेदपुर के वरिष्ठ विधायक सरयू राय का भी करीबी माना जाता था। दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड से जमशेदपुर और चांडिल के व्यावसायिक और राजनीतिक गलियारों में शोक और आक्रोश का माहौल है।




