दुमका : पवित्र सावन माह की अंतिम सोमवारी पर दुमका के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा बासुकीनाथ धाम (फौजदारी दरबार) में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अलसुबह से ही बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ सुदूर क्षेत्रों से आए शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। पूरा मेला क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गुंजायमान है।
Read More : ‘हिम्मत है तो मुझ पर केस करें’, छात्रों को नोटिस देने पर भड़के बाबूलाल मरांडी
भागलपुर से गंगाजल भरकर पहुंचे डाकबम
अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में डाकबम श्रद्धालु भागलपुर के प्रसिद्ध बरारी घाट से पवित्र गंगाजल भरकर हंसडीहा के रास्ते सीधे बासुकीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के इस भारी उत्साह को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद हैं। हंसडीहा मार्ग से आने वाले डाकबम श्रद्धालुओं को टोकन देकर पेड़ा गली द्वार के रास्ते सीधे मंदिर परिसर में प्रवेश कराया जा रहा है, ताकि उन्हें जलाभिषेक में सुगमता हो। मंदिर के कपाट तड़के 3:00 बजे खोल दिए गए, जिसके बाद से ही श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित पूजा-अर्चना के लिए अरघा (Argha) के माध्यम से जलाभिषेक कराया जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से रखी जा रही नजर
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर, निकास व प्रवेश द्वारों तथा पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा पूरे बासुकीनाथ मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी (CCTV) के जरिए की जा रही है। झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य पड़ोसी राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु व्यवस्था से बेहद संतुष्ट नजर आ रहे हैं और सावन के अंतिम सोमवार को बाबा बासुकीनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर खुशी व्यक्त कर रहे हैं।




