रांची: श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति, रांची के तत्वावधान में इस वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन 4 और 5 सितंबर को अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड में किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। महोत्सव में बाल गोपाल सजाओ प्रतियोगिता, झांकी, नमो दही हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या और नृत्य-नाटिका सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समिति के संरक्षक एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, अजय मारू और अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया कि समिति पिछले 16 वर्षों से रांची में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन करती आ रही है। इस बार भी आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है।
4 सितंबर को बाल गोपाल और झांकी प्रतियोगिता
महोत्सव के पहले दिन 4 सितंबर को शाम 3 बजे से बाल गोपाल सजाओ प्रतियोगिता और झांकी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें 10 वर्ष तक के बच्चे और बच्चियां भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों में हिस्सा ले सकेंगे।
वहीं, 5 सितंबर को शाम 3 बजे से नमो दही हांडी प्रतियोगिता के साथ भजन संध्या और नृत्य-नाटिका का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला गोविंदा टीमें भाग ले सकेंगी। इसमें शामिल होने के लिए टीमों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और सांत्वना पुरस्कार के साथ नगद राशि एवं शील्ड प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता के लिए बाल गोपाल और दही हांडी दोनों श्रेणियों में पंजीकरण कराना जरूरी होगा। फॉर्म मेन रोड स्थित केडिया साइकिल से राजेंद्र केडिया तथा स्टेशन रोड, पटेल चौक स्थित पतंजलि सेंटर से सतीश सिन्हा के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं। संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 9431101328 जारी किया गया है।
रासलीला और भजन कार्यक्रम होंगे खास आकर्षण
आयोजन में इस बार देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मुंबई की सतीश कृष्ण मूर्ति एंड पार्टी कार्यक्रम में प्रस्तुति देगी। वहीं वृंदावन से राजेश शर्मा एंड टीम श्रीकृष्ण की रासलीला पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और भजनों की प्रस्तुति देगी। धनबाद के पिंटू शर्मा भी भजन संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगे।
आयोजन समिति के अनुसार, इस बार कार्यक्रम स्थल को वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष थीम पर सजाया जाएगा। समिति ने बताया कि झारखंड के राज्यपाल नमो दही हांडी प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे, जबकि संध्या कुरेचा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
संरक्षक संजय सेठ, सीपी सिंह, अजय मारू और अध्यक्ष मुकेश काबरा ने कहा कि इस बार नमो दही हांडी प्रतियोगिता और पूर्वी भारत की झांकियां आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में रहेंगी। उन्होंने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हैं।
प्रेस वार्ता में महापौर रोशनी खलको, उप महापौर नीरज कुमार, कुणाल आजमानी, राम बांगड़, रविंद्र मोदी, ऐश्वर्य सेठ, रमेन्द्र कुमार, नीलम चौधरी, प्रमोद सारस्वत, संजय पोद्दार, सतीश सिन्हा, पूनम आनंद, कमलजीत सिंह शंटी, संतोष सेठ, रामाशंकर बगड़िया सहित समिति के अनेक सदस्य और आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे।




