दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला, आंखों में झोंका मिर्च पाउडर

भलस्वा डेयरी इलाके में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल थाने ले जाने के बाद विवाद हुआ, आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर, ईंट और डंडों से हमला किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली:  राजधानी दिल्ली में गश्त कर रहे तीन पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर मिर्च पाउडर, ईंट और डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर इलाके की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक 17 वर्षीय किशोर को पकड़ा है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

मोटरसाइकिल थाने ले जाने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, भलस्वा डेयरी थाने के बीट स्टाफ हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश जनता विहार, मुकुंदपुर इलाके में गश्त कर रहे थे। चेकिंग के दौरान कथित तौर पर एक ऐसी मोटरसाइकिल मिली, जिसके जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल को नियमानुसार थाने ले गए।

बताया गया कि दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिसकर्मी दोबारा अपने बीट क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान मोटरसाइकिल के मालिक और उसके परिवार के सदस्यों समेत कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और समूह ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर ईंट-डंडों से वार

आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से हमला किया गया। पुलिसकर्मियों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू को भी कथित तौर पर निशाना बनाया गया।

हमले में तीनों पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घायल पुलिसकर्मियों को मेडिकल सहायता दी गई और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

एक नाबालिग हिरासत में, अन्य आरोपी फरार

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मौके से एक 17 वर्षीय किशोर को पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। मामले में भलस्वा डेयरी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज को इलाके का बैड कैरेक्टर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल बताए गए हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *