रांची: अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में रविवार को पुत्रदा एकादशी उत्सव भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। सुबह से ही श्री श्याम प्रभु के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने वरदानी शीश के भव्य दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया। पुत्रदा एकादशी के अवसर पर श्री श्याम प्रभु को नवीन वस्त्र यानी बागा पहनाकर विभिन्न ताजे और सुगंधित फूलों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर में विराजमान शिव परिवार और बजरंगबली का भी विशेष श्रृंगार किया गया।
पावन ज्योत के साथ शुरू हुआ संकीर्तन
रात्रि करीब 9 बजे श्री श्याम प्रभु के जयकारों के बीच पावन ज्योत प्रज्वलित की गई। इसके बाद श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने गणेश वंदना के साथ संगीतमय संकीर्तन की शुरुआत की। इस दौरान ‘हम आज सभी मिलकर तुम्हें भजन सुनाएंगे’, ‘दरबार अनोखा सरकार अनोखी’, ‘भरोसा है तेरा खाटू वाले’, ‘हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है’, ‘जगत के रंग क्या देखूं तेरा दीदार काफी है’ और ‘देता हरदम सांवरे हारे का तू साथ’ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। पूरे मंदिर परिसर में श्री श्याम प्रभु के जयकारे गूंजते रहे और भक्तिमय माहौल बना रहा।
विभिन्न व्यंजनों और फलों का लगा भोग
इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु को मिल्क केक, बादाम बर्फी, केसरिया पेड़ा, गुलाब जामुन, रबड़ी, कलाकंद के साथ विभिन्न प्रकार के फल और मेवा का भोग अर्पित किया गया। रात्रि 12 बजे महाआरती के साथ पुत्रदा एकादशी उत्सव का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश सारस्वत, ओम जोशी, गोपी किशन ढांढनीयां, चंद्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, प्रियांश पोद्दार, मनोज ढांढनीयां, नितेश केजरीवाल, विकास पाडिया, अभिषेक डालमिया और अजय साबू सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
द्वादशी पर खीर-चूरमा का लगेगा भोग
मंदिर की ओर से बताया गया कि 24 अगस्त 2026 को द्वादशी के अवसर पर शाम 6:30 बजे से श्री श्याम प्रभु को खीर-चूरमा का भोग अर्पित किया जाएगा।



