रांची में भव्य बाल कांवड़ यात्रा, बोल बम के जयकारों से गूंजा शहर

नक्षत्र वन से पहाड़ी मंदिर तक बच्चों ने कांवड़ लेकर यात्रा की और महाकाल बाबा का जलाभिषेक किया, ढोल-ताशों के बीच श्रद्धालु झूमते रहे।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची:  श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर के तत्वावधान में रविवार को भव्य बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। नक्षत्र वन से शुरू हुई इस यात्रा में गेरुआ वस्त्र पहने सैकड़ों बच्चों ने हाथों में कांवड़ लेकर हिस्सा लिया। ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा। बाल कांवड़िए रातू रोड चौक होते हुए पहाड़ी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने महाकाल बाबा का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। यात्रा शुरू होने से पहले नक्षत्र वन में बाल कांवड़ियों और शिव-पार्वती के बाल स्वरूप का विधायक सीपी सिंह, विजय पाठक, दिव्यानंद स्वामी, राजेश साहू और बादल सिंह ने आरती की। इसके बाद सभी को पहाड़ी मंदिर के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नन्हे कांवड़िए भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए पूरे जोश और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ते रहे। रास्ते में जगह-जगह शहरवासियों और श्रद्धालुओं ने बाल कांवड़ियों का स्वागत किया और उनका उत्साह बढ़ाया। पूरे मार्ग में धार्मिक और उत्सव का माहौल बना रहा।

शिव-पार्वती के बाल स्वरूप रहे आकर्षण का केंद्र

बाल कांवड़ यात्रा में शिव-पार्वती के बाल स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बाल स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से लोगों का ध्यान खींचा। वहीं ढोल-ताशे की धुन पर श्रद्धालु और आयोजन से जुड़े लोग झूमते नजर आए। नक्षत्र वन से शुरू होकर रातू रोड चौक होते हुए यात्रा पहाड़ी मंदिर पहुंची। मंदिर में बाल कांवड़ियों ने भगवान महाकाल बाबा को जल अर्पित किया और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।श्री शिव बारात आयोजन महासमिति के अध्यक्ष राजेश कुमार साहू ने बाल कांवड़ यात्रा में शामिल सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान बच्चों के बीच नाश्ता पैकेट, टॉफी और चॉकलेट का वितरण भी किया गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, अभिभावकों और शहरवासियों के प्रति आभार जताया।

महासमिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने कहा कि इस वर्ष बाल कांवड़ यात्रा को लेकर बच्चों और अभिभावकों में जबरदस्त उत्साह रहा। नन्हे कांवड़ियों के ‘बोल बम’ के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। उन्होंने कहा कि महासमिति का उद्देश्य नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना तथा बच्चों में संस्कार और सामाजिक एकता की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, रांची नगर निगम के उपमहापौर नीरज कुमार, प्रभात खबर के संपादक विजय पाठक, रवि कुमार, महासमिति अध्यक्ष राजेश कुमार साहू, प्रवक्ता बादल सिंह, दिव्यानंद स्वामी, रिवाल्डो वर्मा, शुभाशीष चटर्जी, स्वप्ना चटर्जी, मुरारी मंगल, भोलू सिंह, अमन सिंह, राम सिंह, हर्ष कुमार सहित महासमिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के सफल समापन के बाद महासमिति के सदस्यों ने बाल कांवड़ यात्रा को बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। यात्रा के दौरान शहरवासियों और श्रद्धालुओं का सहयोग और उत्साह भी देखने को मिला। यह जानकारी श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर के प्रवक्ता बादल सिंह ने दी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.