खूंटी : डीसी मो. जावेद हुसैन ने शनिवार को अड़की प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता तथा विद्यालय भवन और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। डीसी ने पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अड़की का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा छात्राओं से संवाद कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
Read More : पलामू टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे चार लोग, FIR दर्ज
छात्राओं को शिक्षा के प्रति किया प्रेरित
मो. जावेद हुसैन ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करने और पढ़ाई के जरिए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने दिव्यांग स्कूली बच्चों के बीच ट्राइसाइकिल सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी।
कई अधिकारियों ने भी किया विद्यालयों का निरीक्षण
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अपर समाहर्ता सुषमा लकड़ा, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी ने कृष्णा बल्लभ उच्च विद्यालय, यूपीजी प्लस टू सिंदरी, अड़की समेत विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद डीसी ने अड़की प्रखंड कार्यालय में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ), प्रखंड संसाधन व्यक्ति (बीआरपी), सभी प्रधानाध्यापकों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
स्कूलों की व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा
बैठक में विद्यालयवार स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान पठन-पाठन, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, विद्यालय भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति के साथ बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।




