रांची : रांची नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर नगर निगम की विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम की ओर से शहर के पांच अलग-अलग क्षेत्रों में अंचल कार्यालयों का शुभारंभ 2 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। इन अंचल कार्यालयों को शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। कार्यालयों में रंग-रोगन और आवश्यक सिविल कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
Read More : रांची में 180 PLV का क्षमता निर्माण कार्यक्रम, न्याय तक पहुंच पर जोर
कार्यालयों में नागरिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध
अंचल कार्यालयों को सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। यहां निगम कर्मियों और नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ कुर्सी-टेबल, सीसीटीवी कैमरा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नगर निगम का उद्देश्य इन कार्यालयों के माध्यम से नागरिकों को सुविधाजनक और बेहतर सेवा उपलब्ध कराना है।
इन पांच स्थानों पर खुलेंगे अंचल कार्यालय
रांची नगर निगम की ओर से पांच अलग-अलग स्थानों पर अंचल कार्यालयों का शुभारंभ किया जाएगा।
- सामुदायिक भवन, बड़ा तालाब, वार्ड संख्या 21
- पंचायत कार्यालय, पंडरा, वार्ड संख्या 32
- सामुदायिक भवन, बांधगाड़ी, वार्ड संख्या 06
- सामुदायिक भवन, सेक्टर-3 बाजार, एचईसी, धुर्वा, वार्ड संख्या 40
- सामुदायिक भवन, उरांव चौक, हेसाग, वार्ड संख्या 52
दूर-दराज क्षेत्रों के नागरिकों को मिलेगी सुविधा
इन अंचल कार्यालयों के संचालन से शहर के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं और कार्यों के लिए नगर निगम मुख्यालय या कचहरी परिसर तक आने की आवश्यकता कम होगी। नागरिक अपने क्षेत्र के नजदीकी अंचल कार्यालय में पहुंचकर नगर निगम से संबंधित विभिन्न सेवाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
चरणबद्ध तरीके से विकसित होगा अंचल कार्यालयों का नेटवर्क
रांची नगर निगम का उद्देश्य शहर के विभिन्न हिस्सों में चरणबद्ध रूप से डेडीकेटेड अंचल कार्यालयों का सुदृढ़ नेटवर्क विकसित करना है। इसके जरिए नगर निगम की सेवाओं को विकेंद्रीकृत करते हुए नागरिकों तक अधिक सुगम, त्वरित और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। नगर निगम के अनुसार, यह पहल नागरिक सुविधा, सुगम सेवा वितरण और प्रशासन को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




