गिरिडीह : जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के दामा गांव में आज यानी सोमवार को कुएं से एक युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त गांव के ही बलदेव रजक के बेटे रंजीत रजक के तौर पर की गई है। मिली जानकारी के अनुसार रंजीत पिछले तीन दिनों से लापता थे और घरवाले उनकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच कुएं से उनका शव मिलने की खबर आई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घर में जहां दुर्गा पूजा की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इस घटना ने सबको गम में डुबो दिया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
Read More : झारखंड में 15 दिसंबर से धान खरीद की तैयारी, लक्ष्य घटाकर 50 लाख क्विंटल
सुबह कुएं में मिला शव, ग्रामीणों की जुटी भीड़
रंजीत रजक पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार की सुबह गांव के कुछ ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरते देखा। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पहचान रंजीत रजक के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव को लिया कब्जे में
घटना की सूचना मिलने पर औंरा पंचायत के उपमुखिया जितेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद बगोदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। युवक के तीन दिनों से लापता होने और फिर कुएं से शव मिलने की घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है।
मौत की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल रंजीत रजक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इधर, युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस घटना से दामा गांव में शोक पसरा हुआ है।




