गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक ने घर में घुसकर 50 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान राजेंद्र नगर निवासी नीति देवी के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक का नाम संजय है और वह ऑटो चलाने का काम करता था। करीब एक माह पहले पैसों के लेन-देन को लेकर उसका विवाद हुआ था।
Read More : राज्यपाल से मिले झारखंड चैंबर के पदाधिकारी, निवेश पर हुई चर्चा
घर में घुसकर किया हमला
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को आरोपी अचानक उनके घर पहुंचा और कमरे में जाकर नीति देवी पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह मौके से भागने लगा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने भाग रहे युवक को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर थाना ले गई। घायल नीति देवी का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





