राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह हल्के दर्जे का कोहरा और कुहासा देखने को मिल रहा है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 नवंबर को भी सुबह कोहरा छाया रहेगा। दोपहर या शाम के समय आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं।
वहीं, 18 नवंबर को सुबह कोहरा रहने और दोपहर में आंशिक बादल छाने का अनुमान है। शाम के समय कुछ इलाकों में गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 19 नवंबर को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इसका सबसे ज्यादा असर दक्षिण-पूर्वी झारखंड के जिलों में देखने को मिल सकता है। इनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है।
20 नवंबर को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दिन दक्षिणी झारखंड और उससे सटे मध्यवर्ती इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम में इस बदलाव के कारण सप्ताह के आखिरी दिनों में ठंड भी बढ़ सकती है।
चाईबासा में 31.4 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कोडरमा में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा जमशेदपुर और डालटनगंज में 30.8 डिग्री, बोकारो में 29.1 डिग्री और राजधानी रांची में 27.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
also read : रांची के होटवार जेल में लगी अदालत, 16 बंदियों के मामले रखे गए