नगर आयुक्त के एक्शन के बाद चमका वीर कुंवर सिंह पार्क, बदली पूरी तस्वीर

रांची : नगर आयुक्त के हालिया निरीक्षण के बाद गाड़ीखाना चौक क्षेत्र स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क की तस्वीर बदल गई है। वार्ड संख्या-21 में स्थित इस पार्क की जर्जर और उपेक्षित स्थिति सामने आने के बाद रांची नगर निगम ने व्यापक साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण

वीर कुंवर सिंह पार्क

रांची : नगर आयुक्त के हालिया निरीक्षण के बाद गाड़ीखाना चौक क्षेत्र स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क की तस्वीर बदल गई है। वार्ड संख्या-21 में स्थित इस पार्क की जर्जर और उपेक्षित स्थिति सामने आने के बाद रांची नगर निगम ने व्यापक साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया। नगर आयुक्त ने पार्क में फैली गंदगी, अनियंत्रित रूप से उगी झाड़ियों और घास, अव्यवस्थित परिसर तथा नागरिक सुविधाओं की खराब स्थिति को गंभीरता से लिया। इसके बाद संबंधित शाखाओं को पार्क का सौंदर्यीकरण कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

Read More : JPSC-JSSC नियुक्ति विवाद पर संजय सेठ का बड़ा हमला, बोले- झारखंड की प्रतिष्ठा तार-तार

हॉर्टिकल्चर और स्वच्छता टीम ने चलाया अभियान

नगर आयुक्त के निर्देश पर रांची नगर निगम की हॉर्टिकल्चर और स्वच्छता टीम ने संयुक्त रूप से पार्क की संपूर्ण सफाई की। अभियान के दौरान पार्क में उगी घास की कटाई की गई और झाड़ियों व पेड़ों की वैज्ञानिक तरीके से छंटाई कराई गई। इसके अलावा सूखे पत्तों और कचरे का निष्पादन करते हुए पूरे पार्क परिसर को व्यवस्थित स्वरूप दिया गया। नगर निगम के अनुसार, अभियान के बाद पार्क पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक दिखाई देने लगा है। सौंदर्यीकरण के साथ पार्क में उपलब्ध झूले, बेंच, लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। जिन स्थानों पर मरम्मत और रखरखाव की जरूरत पाई गई, वहां आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं

नगर निगम का उद्देश्य पार्क में आने वाले बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य आगंतुकों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। सौंदर्यीकरण के बाद यह पार्क स्थानीय नागरिकों के लिए सुबह-शाम टहलने, परिवार के साथ समय बिताने, वरिष्ठ नागरिकों के बैठने और बच्चों के खेलकूद के लिए तैयार किया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर के किसी भी सार्वजनिक पार्क, हरित स्थल या नागरिक सुविधा की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां सामने आएंगी, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे।

नगर निगम ने बताया कि शहर के सभी पार्कों और हरित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण, रखरखाव और सौंदर्यीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में ऐसे सार्वजनिक स्थलों का विकास करना है, जहां नागरिक स्वच्छ और हरित वातावरण में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे सकें। रांची नगर निगम ने स्थानीय नागरिकों से भी पार्क की स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि वे पार्क परिसर में कूड़ा-कचरा न फैलाएं, पौधों और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाएं तथा सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारी से उपयोग करें।

नगर निगम के अनुसार, नागरिकों की सहभागिता से ही सार्वजनिक परिसंपत्तियों का संरक्षण संभव है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *