स्थानीय ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, जरियागढ़ में दुर्गापूजा की शुरुआत ठाकुर नरेंद्र नाथ शाहदेव ने की थी। वे छोटानागपुर के महाराजा के भाई कुंवर हरिनाथ शाहदेव के वंशज थे। लाल मृगेन्द्र नाथ शाहदेव के अनुसार, ठाकुर नरेंद्र नाथ शाहदेव का विवाह पश्चिम बंगाल के पंचकोट-काशीपुर महाराजा की पुत्री से हुआ था। माना जाता है कि इस वैवाहिक संबंध और उससे जुड़ी सांस्कृतिक परंपराओं से प्रेरित होकर जरियागढ़ में मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई।
उस दौर में जरियागढ़ स्टेट को सोनपुर परगना के नाम से जाना जाता था
उस दौर में जरियागढ़ स्टेट को सोनपुर परगना के नाम से जाना जाता था। दशहरा के अवसर पर आसपास के गांवों के लोगों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु और व्यापारी भी यहां पहुंचते थे। इस तरह दशहरा मेला धार्मिक आस्था, सामाजिक मेल-मिलाप और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया था। मेले की प्रसिद्धि ओडिशा और पश्चिम बंगाल तक फैली हुई थी।
वक्त के साथ बदला मेले का स्वरूप, लेकिन पूजा की परंपरा रही कायम
समय के साथ दशहरा मेले का स्वरूप बदलता गया और पुरानी व्यवस्थाओं में कई बदलाव हुए, लेकिन मां दुर्गा की पूजा की परंपरा लगातार जारी रही। पहले यहां भैंस और बकरे की बलि देने की प्रथा थी। वर्तमान में भैंस की बलि बंद हो चुकी है, जबकि बकरे की बलि की परंपरा अब भी कायम है। राजपरिवार और ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से हर साल दुर्गापूजा का आयोजन किया जाता है।
पीढ़ियों से आगे बढ़ रही धार्मिक अनुष्ठानों की जिम्मेदारी
जरियागढ़ की दुर्गापूजा की एक खास पहचान यह भी है कि धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़ी जिम्मेदारियां पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रही हैं। पहले मां दुर्गा की प्रतिमा की पूजा कराने के लिए पश्चिम बंगाल से पुजारी बुलाए जाते थे। योगेश्वर दास से शुरू हुई यह परंपरा अब उनके पौत्र मुरली दास निभा रहे हैं। दस भुजी देवी मंडप में राजपुरोहित के रूप में गोपाल नाथ शर्मा पूजा-अर्चना कराते थे। उनके बाद उनके पौत्र आनंद नाथ शर्मा और फिर उनके पुत्र शियावर शरण शर्मा ने यह जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में उनके भतीजे अशोक कुमार शर्मा इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। वहीं, मां चिंतामणि की पूजा मसमानो गांव के साउंगी परिवार के बसंत साडंगी कराते हैं।
राजपरिवार की कई पीढ़ियों ने संभाली परंपरा
ठाकुर नरेंद्र नाथ शाहदेव द्वारा शुरू की गई दुर्गापूजा की परंपरा को बाद में ठाकुर देवेंद्र नाथ शाहदेव, ठाकुर महेंद्र नाथ शाहदेव, ठाकुर ब्रजेंद्र नाथ शाहदेव और ठाकुर शिवेंद्र नाथ शाहदेव ने आगे बढ़ाया। वर्तमान में ठाकुर जयेंद्र नाथ शाहदेव के नेतृत्व में राजपरिवार के सदस्य दुर्गापूजा की तैयारियों में जुटते हैं। राजपरिवार और ग्रामीणों की सहभागिता से यह आयोजन आज भी अपनी परंपरागत पहचान बनाए हुए है।
also read