रांची। दुर्गा पूजा में रांची हर साल अपने अनोखे पूजा पंडालों और आकर्षक सजावट से लोगों का ध्यान खींचती है। कहीं मंदिरों की झलक देखने को मिलती है, तो कहीं कलाकारी के जरिए अलग-अलग थीम को जीवंत किया जाता है। इस बार हिनू की शुक्ला कॉलोनी में एक ऐसा ही अनोखा पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसकी थीम गोलगप्पे और चनाचूर पर आधारित है। पंडाल की यह खास सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनने वाली है।
also read : कलश शोभायात्रा के साथ शारदीय नवरात्र शुरू, मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा डोरंडा
पंडाल को खास रूप देने के लिए पश्चिम बंगाल से 10 हजार से अधिक गोलगप्पे मंगवाए गए हैं। इन गोलगप्पों के साथ चनाचूर का इस्तेमाल कर सजावट को आकर्षक बनाया जा रहा है। समिति की कोशिश है कि इस अनोखी थीम के माध्यम से श्रद्धालुओं को कुछ अलग देखने का अवसर मिले।
45 दिनों से जुटे 10 सदस्यीय टीम दिन-रात काम में जुटी
पंडाल को तैयार करने के लिए पश्चिम बंगाल से आए कारीगर पिछले करीब डेढ़ महीने से लगातार मेहनत कर रहे हैं। कारीगर गौतम प्रधान के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम दिन-रात काम में जुटी है। टीम पंडाल की सजावट को अंतिम रूप देने में लगी हुई है।
दुर्गा पूजा के दौरान इस अनोखी थीम को देखने के लिए श्रद्धालुओं की उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है। गोलगप्पे और चनाचूर जैसी लोकप्रिय खाद्य सामग्री को पूजा पंडाल की सजावट का हिस्सा बनाकर समिति ने इस बार कुछ नया करने की कोशिश की है।



