पलामू : पलामू के मेदिनीनगर से लापता हुईं तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बिहार के गोपालगंज से बरामद किया है। तीनों 24 सितंबर को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से लापता हुई थीं। पुलिस के अनुसार, तीनों नाबालिग गोपालगंज के नेपाल से सटे इलाकों में मजदूरी का काम कर रही थीं।
लड़कियों के लापता होने के बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी अनुसंधान के आधार पर गोपालगंज पहुंची पुलिस
जांच के दौरान तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पलामू पुलिस को तीनों नाबालिगों के बिहार के गोपालगंज इलाके में होने की जानकारी मिली। इसके बाद मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस की एक स्पेशल टीम गोपालगंज पहुंची। पुलिस टीम ने एक इलाके से तीनों नाबालिग लड़कियों को बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मेदिनीनगर से तीन नाबालिग लड़कियां गायब हुई थीं। तीनों को बरामद कर लिया गया है। उनके लापता होने के मामले में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
डांट से नाराज होकर घर से निकली थीं लड़कियां
पुलिस के अनुसार, बरामद तीन लड़कियों में दो चचेरी बहनें हैं। घटना से पहले तीनों मेदिनीनगर के गांधी पार्क घूमने गई थीं। इसके बाद वे घर वापस लौट आई थीं। घर लौटने पर तीनों को डांट पड़ी थी। डांट से नाराज होकर तीनों लड़कियां घर से बाहर चली गई थीं।
24 घंटे के बाद नाबालिगों के लापता होने के मामले को अपहरण के मामले में तब्दील कर दिया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी अनुसंधान के जरिए तीनों को गोपालगंज से बरामद कर लिया।




