पलामू: जिले के मनातू प्रखंड से बड़ी खबर सामने आई है। मनातू के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मदन कुमार सुमन को सोशल मीडिया के माध्यम से गोली मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बीडीओ को गोली मारने की धमकी दी गई। मामले को लेकर बीडीओ मदन कुमार सुमन ने बताया कि गुरुवार को जमीन से जुड़े एक मामले की न्यायिक सुनवाई होनी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि सोशल मीडिया पर मिली धमकी का संबंध इसी मामले से हो सकता है। हालांकि, धमकी के पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बीडीओ ने बताया कि मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। संबंधित थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी जाएगी। साथ ही धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
मनातू क्षेत्र में अधिकारियों को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले वर्ष 2022-23 में तत्कालीन बीडीओ को टीएसपीसी संगठन की ओर से धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
मनातू का पुराना घटनाक्रम भी मौजूदा मामले को गंभीर बनाता है। वर्ष 1995 में तत्कालीन BDO भवनाथ झा की हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि हत्या से पहले उन्हें धमकी मिली थी।
ऐसे में वर्तमान बीडीओ को सोशल मीडिया पर मिली गोली मारने की धमकी के बाद प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।





