धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ में मंगलवार रात दो ट्रकों के बीच ओवरटेकिंग के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दौरान साइकिल से घर लौट रहे पान विक्रेता सुरेश चौरसिया एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश दुहाटांड़ के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार बीती रात सुरेश साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एफसीआई गोदाम की ओर से कई ट्रक मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दो ट्रकों के बीच आगे निकलने की होड़ में ओवरटेकिंग शुरू हो गई। तभी सड़क से गुजर रहे सुरेश एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Read More : झारखंड बंद : पलामू में तीर-धनुष लेकर सड़क पर उतरे आंदोलनकारी
हादसे के बाद सड़क पर प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और शव के साथ देर रात तक प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की गई। तीन से चार ट्रकों के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया
सूचना मिलने के बाद धनसार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सामाजिक कार्यकर्ता भृगुनाथ भगत ने आरोप लगाया कि मनईटांड़ की सड़क पर ट्रकों की अनियंत्रित आवाजाही और चालकों की लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
मुआवजे और नौकरी की मांग
स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। इसके साथ ही एफसीआई गोदाम की ओर से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग भी की गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। मुआवजा और एक आश्रित को रोजगार दिलाने का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने सड़क से जाम हटा लिया। इसके बाद मनईटांड़-जोड़ाफाटक मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।





