जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के पोटका थाना क्षेत्र के बड़ा भूमरी गांव में चोरों ने एक घर में जमकर हाथ साफ किया। चोर खिड़की तोड़कर घर के अंदर घुसे और गोदरेज अलमारी में रखे सात लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरों ने शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया और घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि घर के लोग बाहर न निकल सकें।
Read More : भूषण बाड़ा मामले पर रणधीर सिंह का हमला, हेमंत सरकार से पूछे सवाल
पुलिस के मुताबिक, बड़ा भूमरी गांव के रहने वाले देवरंजन मंडल और उनके भाई नयन मंडल का परिवार रविवार की रात घर में सो रहा था। इसी बीच चोरों ने घर को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि परिवार की मां छठ पर्व को लेकर अपनी बेटी के घर लक्ष्मीनगर गई हुई थीं। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर
अपराधियों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उनकी मां के कमरे में रखी गोदरेज अलमारी को निशाना बनाया। चोरों ने अलमारी का सामान खंगाला और उसमें रखी नकदी व कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, अलमारी में सात लाख रुपये नकद, सोने के दो हार, दो चेन, दो जोड़ी कान की बालियां, एक अंगूठी और चांदी के आठ सिक्के समेत अन्य कीमती सामान रखे थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
रात दो बजे खुली परिवार की नींद
रात करीब दो बजे परिवार की एक सदस्य की नींद खुली। उसने घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद पाया। इसके बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। परिवार के लोगों ने मां के कमरे में सामान बिखरा देखा। जांच करने पर गोदरेज अलमारी से नकदी और आभूषण गायब मिले। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जांच चल रही है। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही।






