नई दिल्ली: मावन जीवन केवल सांस लेने और एक साधारण दिनचर्या में सिमट कर रह जाने का नाम नहीं है, बल्कि यह इतिहास पर अपनी अमिट छाप छोड़ने का एक अनमोल अवसर है। इस यात्रा को सार्थकता प्रदान करने वाले सबसे बड़े स्तंभ त्याग और पुरुषार्थ हैं। जब ये दोनों पावन मूल्य मनुष्य के जीवन में उतरते हैं, तो मार्ग की हर बाधा स्वतः समाप्त होने लगती है और असंभव लगने वाले लक्ष्य भी मुट्ठी में कैद हो जाते हैं।
यहीं से उस आंतरिक ऊर्जा का जन्म होता है, जो व्यक्ति को समाज और राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा देती है। सिनेमा मानव समाज का जीवंत दर्पण और संघर्षों का ऐसा दस्तावेज है, जो हमारी सोई हुई चेतना को जागृत कर देता है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के दृश्यों में जब साधारण पृष्ठभूमि का नायक अपने निजी सुखों और मोह को पीछे छोड़कर समाज कल्याण के मार्ग पर निकलता है, तो यह कला हमारे भीतर एक नई वैचारिक क्रांति का संचार कर देती है।
जीवन में त्याग का महत्व उस पवित्र अग्नि के समान है, जो भीतर के संकीर्ण अहंकार और स्वार्थ को जलाकर इंसान को संवेदनशील और उदार बनाती है। त्याग का असली अर्थ सब कुछ छोड़कर जंगलों में चले जाना नहीं, बल्कि अपने तात्कालिक सुखों और स्वार्थों का बलिदान देकर किसी उच्चतर आदर्श या अपनों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। सिनेमा के पटल पर जब नायक अपनी खुशियों को ताक पर रखकर दूसरों के जीवन को रोशन करता है, तब यह समझ आता है कि दूसरों के लिए संबल बनकर खड़ा होना ही सच्चा त्याग है। रिश्तों, मर्यादा और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए किया गया त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शिका बन जाता है।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ में मुख्य पात्र अपनों की भलाई और धर्म की रक्षा के लिए व्यक्तिगत सुखों और सपनों का मौन समर्पण कर देता है। यह मूक समर्पण हमें यह सिखाता है कि महानता अधिकार जताने से नहीं, बल्कि कर्तव्य पथ पर पूरी तरह समर्पित हो जाने से मिलती है। संकट के दौर में जब अपने हिस्से का सुख हंसते हुए त्यागना पड़े, तभी व्यक्ति के चरित्र की असली और सबसे बड़ी परीक्षा होती है।
किंतु केवल त्याग से जीवन पूर्ण नहीं होता, इसकी सार्थकता के लिए पुरुषार्थ का होना अनिवार्य है। बिना पुरुषार्थ के त्याग अक्सर विवशता या पलायन का दूसरा नाम बनकर रह जाता है। पुरुषार्थ का वास्तविक अर्थ पौरुष, उद्यम और वह अटूट मानसिक व शारीरिक शक्ति है, जिसके बल पर मनुष्य प्रतिकूल परिस्थितियों को भी अपनी अनुकूलता में ढाल सकता है। सिनेमा यह सशक्त संदेश देता है कि भाग्य कोई अपरिवर्तनीय लकीर नहीं है, जिसे बदला न जा सके।
‘हनुमान अंश’ का नायक विकट परिस्थितियों के सामने अटूट पराक्रम से डटा रहकर यह साबित करता है कि अडिग पुरुषार्थ के बल पर जीवन के हर चक्रव्यूह को तोड़ा जा सकता है। शॉर्टकट से मिलने वाली सफलताएं क्षणिक होती हैं, किंतु कर्म की कठिन भट्टी में तपकर हासिल किया गया मुकाम समय के साथ कभी फीका नहीं पड़ता। निष्ठा और मेहनत से सींची गई सफलता ही मनुष्य को वास्तविक संतोष और असीम आंतरिक आनंद देती है।
जब त्याग और पुरुषार्थ आपस में मिलते हैं, तो एक प्रचंड सकारात्मक ऊर्जा का विस्फोट होता है, जो व्यक्ति को उसके लक्ष्य की ओर अग्रसर करता है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के चरमोत्कर्ष में नायक अपनी साधारण क्षमताओं के बावजूद अगाध निष्ठा और संकल्पशक्ति से असंभव लक्ष्य को साध लेता है, जो हमारे भीतर के सारे संशय और भय को हमेशा के लिए समाप्त कर देता है। भारतीय जीवन-मूल्यों और सनातन संस्कृति की मूल अभिव्यक्ति इस फिल्म के केंद्रीय संदेश में निहित है कि वास्तविक शक्ति भौतिक संसाधनों, चातुर्य या आनुवंशिक विरासत में नहीं, बल्कि निस्वार्थ त्याग और अडिग पुरुषार्थ में होती है। पवनसुत हनुमान की तरह हृदय में अटूट साहस और सेवाभाव रखकर हर असंभव लक्ष्य को साधना ही मानव जीवन का परम उद्देश्य है। यह फिल्म हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए अपनी तकदीर स्वयं लिखने का मार्ग दिखाती है।
यह संपूर्ण फलक हमें यह सिखाता है कि जीवन एक कोरे कागज की तरह है, जिस पर सुंदर और स्वर्णिम रंग भरना पूरी तरह हमारे अपने हाथों में है। त्याग हमें समर्पण का पाठ पढ़ाता है और पुरुषार्थ हमारे सपनों को वास्तविक धरातल पर उतारकर उन्हें जीवंत बनाता है। इन दोनों का अद्भुत समन्वय ही मनुष्य को साधारण से असाधारण और महान बनाता है। जीवन का वास्तविक आनंद निष्क्रिय होकर हाथ पर हाथ धरे बैठने में नहीं, बल्कि जीवन की हर चुनौती को पार कर कुछ ऐसा कर गुजरने में है, जिसे दुनिया सदियों तक याद रखे।
लेखक: डॉ. भारद्वाज शुक्ल
असिस्टेंट प्रोफेसर,
दिल्ली विश्वविद्यालय






